गृह मंत्रालय द्वारा Unlock 4 के लिए शनिवार को गाइडलाइन्स जारी कर दिये गये है। ये गाइडलाइन्स 01 सितम्बर से 30 सितम्बर तक के लिए जारी किये गये है। कन्टेनमेन्ट जोन को छोड़कर कहीं भी लॉकडाउन लगाने के लिए केन्द्र की अनुमति अनिवार्य होगी। कन्टेनमेन्ट जोन्स में पहले की ही तरह सख्त लॉकडाउन जिला प्रशासन की अनुशंसा से लगा रहेगा। आइये देखते है इस अवधि में सरकार द्वारा और किन गतिविधियों की छूट दी जायेगी-
1. सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग व शैक्षणिक संस्थानों में नियमित कक्षाओं पर प्रतिबन्ध जारी रहेगा। हालांकि सरकार द्वारा 21 सितम्बर से आधे शैक्षिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ स्कूल में ऑनलाइन टीचिंग व उससे सम्बन्धित कार्यों के लिए अनुमति प्रदान की है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन्स को फॉलो करना अनिवार्य होगा।
2. कक्षा 9 से 12 तक के छात्र स्वैच्छिक रूप से माता-पिता की लिखित सहमति से अपने शिक्षकों से मार्ग-निर्देशन हेतु 21 सितम्बर के बाद अपने स्कूल जा सकते है।
3. 7 सितम्बर से मेट्रो चरणबद्ध तरीके से संचालन शुरू करने की अनुमति दी गयी है। गृह मंत्रालय के परामर्श से शहरी विकास मंत्रालय/रेलवे मंत्रालय द्वारा 7 सितम्बर 2020 से चरणबद्ध तरीकों से मेट्रो का संचालन चालू किया जायेगा। सभी कोविड-19 सुरक्षा उपायों को अनिवार्य रूप से अपनाने के बाद मेट्रो रेल सेवा लगभग पाँच महीनों बाद फिर से पटरी पर आने की उम्मीद है।
4. सामाजिक, अकादमिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनीतिक आयोजनों को भी सरकार की तरफ से 21 सितम्बर 2020 के बाद आयोजित करने की हरी झण्डी दे दी गयी है। शर्त यह है कि इन आयोजनों में सभी Covid-19 सुरक्षा गाइडलाइन्स को फालो करते हुए अधिकतम 100 लोग ही शामिल हो सकते है। शादी-विवाह, मृत्यु संस्कार से सम्बन्धित आयोजनों पर भी यह नियम लागू होगा।
5. ओपन एअर थियेटर्स 21 सितम्बर के बाद से खोले जा सकते है। सिनेमा हॉल्स, स्विमिंग पूल्स, मनोरंजन पार्क्स वगैरह Unlock 4 Guidelines में बन्द रखने का आदेश है।

इसके अलावा अभी कोरोना वायरस के कारण अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबन्ध जारी रहेगा। यात्री ट्रेनों व अन्तर्देशीय उड़ाने पहले की ही तरह जारी रहेंगी। राज्य की सीमाओं के बीच आवाजाही के लिए किसी तरह के परमिशन की आवश्यकता नहीं होगी। वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं व 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का बिना अत्यावश्यक कार्य बाहर आने जाने की मनाही जारी रहेगी। आरोग्य सेतु एप को हर स्तर पर बढ़ावा देने हेतु निर्देश भी दिये गये है।
Unlock 4 : क्या मिलेगी रफ्तार आम जनजीवन को भी
इस तरह Unlock 4 में सितम्बर माह में आम जनता को बड़ी राहत मिलने जा रही है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों को बन्द रखते हुए ऑनलाइन लर्निंग द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रखना ही बेहतर समझा। साथ ही आंशिक रूप से स्कूल-कॉलेजों में होने वाली गतिविधियों को चालू करने की अनुमति भी दी है। कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन ने जन-जीवन को पटरी पर से उतार दिया था। पूरे देश की गति थम सी गयी थी। मेट्रो रेल के पटरियों पर दौड़ने के साथ ही आम जनता की जिन्दगी की गति भी तेज होने की उम्मीद जगी है।